home page

विद्यालय जाते समय शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

 | 
विद्यालय जाते समय शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत


मीरजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट गांव निवासी 38 वर्षीय शिक्षक मोहम्मद रमजान कुरैशी की बुधवार सुबह विद्यालय जाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रास्ते में सीने में तेज दर्द उठने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मोहम्मद रमजान कुरैशी ड्रमंडगंज स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में अंग्रेजी एवं कंप्यूटर विषय के शिक्षक थे। बुधवार सुबह वह रोज की तरह विद्यालय जा रहे थे। ड्रमंडगंज बाजार पहुंचते ही उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और घटना की सूचना परिजनों को दी।

सूचना मिलने पर विद्यालय के प्रबंधक दिवाकर सिंह मौके पर पहुंचे और निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया हृदयाघात (हार्ट अटैक) को मौत का कारण बताया।

मृतक अपने पीछे पत्नी रूबी बानो तथा दो बेटियों को छोड़ गए हैं। 10 माह पहले उनके बड़े भाई इस्लाम की भी हैदराबाद में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। शिक्षक की असामयिक मौत से गांव और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान कौशलेंद्र गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा