home page

मीरजापुर : दो साल से टूटी पड़ी टंकी, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

 | 
मीरजापुर : दो साल से टूटी पड़ी टंकी, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ ब्लाक के डढ़िया गांव की आदिवासी बस्ती में दो साल से टूटी-फूटी पानी की टंकी नहीं बदले जाने से ग्रामीणों को पेयजल की परेशानी हो रही है। रविवार को नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर टंकी बदलवाने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द समस्या दूर नहीं हुई तो उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।

आदिवासी बस्ती में राजाराम कोल के घर के सामने सरकारी बोरिंग में समरसेबल पंप लगाया गया है। इससे पानी की आपूर्ति के लिए एक टंकी रखी गई थी, जिसमें पानी जमा कर बिजली न रहने पर भी ग्रामीण जरूरत पूरी करते थे। आरोप है कि करीब दो साल पहले टंकी फट गई। इससे पानी का भंडारण नहीं हो पा रहा है और बिजली कटौती के दौरान लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है।

ग्रामीण शंभूलाल आदिवासी ने बताया कि टंकी बदलवाने के लिए कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन में शंभूलाल, राजाराम कोल, राजू आदिवासी, राधिका देवी और संजय कोल समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में एडीओ पंचायत श्रीकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि टंकी फटने की जानकारी मिली है। सचिव और ग्राम प्रधान से कहकर जल्द ही टंकी बदलवाई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा