home page

कालीन बुनकर की संदिग्ध मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे परिजन

 | 
कालीन बुनकर की संदिग्ध मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे परिजन


- 65 वर्षीय बुनकर की मौत से परिजनों में मचा हड़कंप, पीएम रिपोर्ट का इंतजार

मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के गाजिया गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कालीन बुनकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी परिजनाें को हुई। मृतक मड़िहान थाना क्षेत्र के भावा कुनेफ गांव का निवासी था और पिछले कई वर्षों से गाजिया में रहकर कालीन बुनाई का काम करता था।

गांव निवासी 65 वर्षीय सप्तमी हरिजन उर्फ सीजफ की 15 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर विंध्याचल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी।

रविवार दोपहर मृतक के परिजन विंध्याचल कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मुलाकात कर मौत की परिस्थितियों की जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की मांग की। परिजनों की मांग पर पुलिस ने उन्हें आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस के लिए रवाना हो गए। अचानक हुई मौत को लेकर परिवार में चिंता और मायूसी का माहौल है।

विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि वृद्ध की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा