home page

वीआईपी दर्शन पर रोक से आम भक्तों को राहत, विंध्यधाम में उमड़े लाखाें श्रद्धालु

 | 
वीआईपी दर्शन पर रोक से आम भक्तों को राहत, विंध्यधाम में उमड़े लाखाें श्रद्धालु


वीआईपी दर्शन पर रोक से आम भक्तों को राहत, विंध्यधाम में उमड़े लाखाें श्रद्धालु


- महाअष्टमी पर सात लाख भक्तों के पहुंचने का अनुमान, आधी रात से ही मंदिर मार्ग पर लगने लगी कतार

मीरजापुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर शनिवार को विंध्यधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां कालरात्रि के दर्शन के लिए आधी रात के बाद दो बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भोर होते-होते मंदिर मार्ग श्रद्धालुओं से पट गया। विंध्याचल कोतवाल अजीत कुमार सिंह के अनुसार, सप्तमी पर करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई।

मेले में आम श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए सुबह चार बजे से दोपहर तीन बजे तक वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन-पूजन पर रोक लगाई गई। इससे सामान्य कतार में लगे भक्तों को दर्शन का अवसर मिला। हाथों में नारियल, चुनरी और फूल-माला लिए श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद भक्तों ने मां अष्टभुजा और मां काली के दरबार में भी मत्था टेका। इसके साथ ही त्रिकोण परिक्रमा कर विंध्य पर्वत पर परंपरा के अनुसार पत्थरों से घरौंदे बनाए। प्रसाद की दुकानों पर भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

महाअष्टमी पर बढ़ेगी भीड़

रविवार को महाअष्टमी पर विंध्यधाम में करीब सात लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। नवरात्र के प्रमुख दिनों में दर्शन-पूजन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा