home page

मीरजापुर में खुला सुपर आधार सेंटर, हर नागरिक को मिलेगी नजदीक डिजिटल सुविधा

 | 
मीरजापुर में खुला सुपर आधार सेंटर, हर नागरिक को मिलेगी नजदीक डिजिटल सुविधा


मीरजापुर, 08 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में नगरवासियों के लिए आधार नामांकन और अपडेट अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। भारतीय डाक विभाग ने प्रधान डाकघर फतहां परिसर में नया सुपर आधार सेंटर चालू किया है, जिससे नगरवासियों को अपने डिजिटल पहचान दस्तावेज अपडेट करने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

पोस्टमास्टर ऋतुराज कुमार ने रविवार को बताया कि सुपर आधार सेंटर में तीन काउंटर संचालित किए गए हैं। यह सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा, जिससे लोग अपनी सुविधा अनुसार आधार सेवाओं का लाभ ले सकते हैं और लंबी कतारों की समस्या खत्म होगी। सेंटर पूरी तरह से तैयार है।

अधीक्षक डाकघर मीरजापुर अतुल कुमार ने कहा कि सुपर आधार सेंटर मीरजापुर के लिए सिर्फ एक सेवा केंद्र नहीं, बल्कि सुविधा, सरलता और डिजिटल क्रांति का प्रतीक बन गया है। उन्होंने बताया कि प्रधान डाकघर के अलावा, उपडाकघर इंडस्ट्रियल स्टेट और उपडाकघर कचहरी में भी आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा उपलब्ध है। इससे नागरिकों को अपने नज़दीकी स्थान पर ही सेवाएं मिल सकेंगी।

सरकारी और डिजिटल सेवाओं तक आसान पहुंच

पोस्टमास्टर ऋतुराज कुमार ने नगरवासियों से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं और अपने आधार को अपडेट करें। यह कदम नागरिकों को सरकारी और डिजिटल सेवाओं तक आसान पहुंच दिलाएगा।

डिजिटल इंडिया की दिशा में मील का पत्थर

विशेषज्ञ मानते हैं कि यह पहल मीरजापुर को डिजिटल इंडिया के मॉडल शहरों में शामिल करने में मदद करेगी। नागरिक अब अपनी पहचान और डिजिटल दस्तावेजों को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा