सुलतानपुर में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पुलिस कर रही जांच
सुलतानपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बसौंहा गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बसौंहा गांव निवासी रंजीत कुमार (29) , पुत्र छोटेलाल कुमार, रविवार रात अपने चार वर्षीय पुत्र आर्यांश के साथ घर के कमरे में सो रहा था । परिजनों ने बताया कि देर रात लगभग एक बजे उनका शव घर के भीतर छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटका हुआ मिला। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना आसपास के लोगों व पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची गोसाईगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक पूछताछ और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक रंजीत कुमार अपने पीछे पत्नी किरण कुमारी और चार वर्षीय पुत्र आर्यांश को छोड़ गए हैं। गांव में इस घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के निर्देशन में पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

