home page

सुलतानपुर में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरु, जिलाधिकारी ने की स्व-गणना की अपील

 | 
सुलतानपुर में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरु, जिलाधिकारी ने की स्व-गणना की अपील


सुलतानपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश जनगणना 2027 के पहले चरण की औपचारिक शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय से एक वीडियो जारी कर 'स्व-गणना' कार्य के प्रारंभ होने की जानकारी दी। यह चरण 21 मई तक चलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले का कोई भी नागरिक निर्धारित डिजिटल पोर्टल या लिंक का उपयोग करके अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं भर सकता है। उन्होंने स्वयं अपने आवास और परिवार का विवरण डिजिटल माध्यम से दर्ज करके इस अभियान की शुरुआत की। स्व-गणना चरण समाप्त होने के बाद, 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर डेटा संकलन करेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन नागरिकों ने डिजिटल माध्यम से स्व-गणना पूरी कर ली है, उन्हें प्रगणकों को केवल एक ओटीपी देना होगा। इससे उनके द्वारा भरा गया डेटा सत्यापित हो जाएगा।

जनगणना के महत्व पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सटीक डेटा ही देश और प्रदेश की भविष्य की नीतियों का आधार होता है। उन्होंने सुल्तानपुर के प्रत्येक नागरिक से इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सटीकता के साथ भाग लेने की अपील की। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुँच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त