home page

फर्रुखाबाद : आपदा मोचन बल के कमांडेंट ने स्कूली बच्चों काे सिखाये आपदा से निपटने के गुर

 | 
फर्रुखाबाद : आपदा मोचन बल के कमांडेंट ने स्कूली बच्चों काे सिखाये आपदा से निपटने के गुर


फर्रुखाबाद,23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आठवीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गाजियाबाद के कमांडेंट सुदेश कुमार ने रविवार को प्री-मानसून तैनाती पर एनडीआरएफ टीम द्वारा पंडित दुर्गा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दाैरान विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक रमाकांत यादव के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को भूकंप, बाढ़, अग्निकांड, आकाशीय बिजली तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। भूकंप के दौरान ड्रॉप, कवर एवं होल्ड (Drop, Cover & Hold) तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों को आपदा के समय सुरक्षित प्रतिक्रिया के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। इसके साथ ही सीपीआर (CPR), बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), प्राथमिक उपचार (First Aid) तथा गले में भोजन या कोई अन्य वस्तु फंस जाने (FBAO/Choking) की स्थिति में अपनाई जाने वाली जीवनरक्षक तकनीकों की जानकारी एवं उनका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, स्ट्रेचर के सही उपयोग तथा आपदा के दौरान त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया।

एनडीआरएफ टीम द्वारा प्रतिभागियों को आपदा से पहले तैयारी, आपदा के दौरान सुरक्षित व्यवहार तथा आपदा के बाद आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों एवं आपदा प्रबंधन उपायों को व्यवहारिक रूप से समझा तथा प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान कैडेट्स ने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, टीम भावना के साथ कार्य करने तथा जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने एनडीआरएफ टीम द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की। उन्हाेंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एनडीआरएफ टीम के विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जागरूकता कार्यक्रम पुनः आयोजित करने के लिए एनडीआरएफ टीम को सादर आमंत्रित किया।

कार्यक्रम के समापन पर टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक रमाकांत यादव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों से अपील की कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य, सजगता एवं सूझबूझ के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित जानकारी एवं जीवनरक्षक कौशल केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाकर जन-जागरूकता की कड़ी को और मजबूत करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जागरूक एवं प्रशिक्षित आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जान बचाने तथा समुदाय में आपदा जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar