मीरजापुर: पुराने कुएं में गिरने से किशोरी की मौत, बचाने कूदी मां गंभीर
मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में विंध्याचल थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव के बैशपुर मजरा में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां पुराने कुएं में गिरने से 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में कुएं में कूदी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
धौरहरा गांव निवासी बसंत लाल गुप्ता की पुत्री सुचिता (१२)अपनी मां शकुंतला देवी के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में निराई-गुड़ाई करने गई थी। करीब 11 बजे प्यास लगने पर किशोरी सुचिता पास स्थित पुराने कुएं पर पानी लेने पहुंची। रस्सी-बाल्टी से पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी।
बेटी की चीख सुनते ही मां शकुंतला देवी बिना देर किए उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गई। आसपास मौजूद चरवाहों ने घटना की सूचना गांव में दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया और दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोंई ले जाया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने किशोरी सुचिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं शकुंतला देवी का उपचार जारी है।
मृत किशोरी सुचिता गांव के कंपोजिट विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना को लेकर मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी सुरेश दुबे ने बताया कि किशोरी के शव का पंचनामा भरने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

