उप्र में लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी बारिश से बिजली आपूर्ति प्रभावित, फसलों को भी हुआ नुकसान
लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों में शनिवार को देर शाम तेज आंधी (तूफान) के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बारिश से सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई है और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। जानकारों की माने तो इस आंधी बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं बिजली के पोल, पेड़ और टीन शेड टूटकर गिरने से जनहानि के साथ भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुट गई हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन तक आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि के आसार बने रहेंगे।
लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ अतुल सिंह ने बताया कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जिसके चलते तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है और आंधी पानी के साथ ओले गिरने के रूप में सामने आई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह तक मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कई इलाकों में 40 से 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली, जिससे धूल उड़ने लगी और दृश्यता प्रभावित हुई। इससे लखनऊ सहित आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की सूचना है। मौसम में यह बदलाव देर रात तक जारी रह सकता है। इस अचानक मौसम बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज हवा और बारिश से गेहूं और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा।
बारिश आंधी से गिरे बिजली के पोल व पेड़ से हुआ भारी नुकसान
उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम के चलते भारी नुकसान हुआ है। देर शाम को शुरू हुई बारिश आंधी से बिजली के पोल, पेड़, जर्जर मकान, टीन शेड गिरने की घटनाएं लखनऊ समेत कानपुर, वाराणसी, बुंदेलखंड के कई जिलों आदि में देखने को मिली है। सबसे ज्यादा इस तरह की घटनाएं कानपुर जिले की सामने आई हैं। जिले में थाना काकादेव क्षेत्र अंतर्गत कुलवंती अस्पताल के पास तेज आंधी-तूफान के दौरान सड़क से गुजर रहे एक ऑटो पर अचानक पेड़ गिर पड़ा और उसमें बैठे करीब 4 से 5 लोग घायल हाे गए। हादसे में सगी बहनें जमुना देवी (62) और राजकुमारी के साथ ही जमुना देवी की बेटी ज्योत्सना मौजूद थीं। इस हादसे में जमुना देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ज्योत्सना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज स्वरूप नगर के मधुराज अस्पताल में जारी है। वहीं राजकुमारी इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। इस तरह पेड़ और कई जगहों पर पोल गिरने से जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। ऐसा ही हालात कई जिलों में आंधी बारिश के चलते देखने को मिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

