home page

राम मंदिर प्रकरण में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, विपक्ष राजनीति न करे : पंकज चौधरी

 | 
राम मंदिर प्रकरण में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, विपक्ष राजनीति न करे : पंकज चौधरी


- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले-आस्था से जुड़े मामलों में सरकार गंभीर, कानून से ऊपर कोई नहीं

मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार इसकी निष्पक्ष जांच करा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।

वह गुरुवार को बरौधा कचार स्थित भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो दल कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए जाने जाते हैं,वही आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। जनता उनके चरित्र और मंशा को अच्छी तरह समझती है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना और जनता की आस्था का सम्मान करना है। यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मीडिया को राजनीतिक विषयों के साथ-साथ जनपद की मूलभूत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाना चाहिए। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।

2027 में विकास के दम पर फिर बनेगी भाजपा सरकार : पंकज चौधरी

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्षभर जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहकर काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर पार्टी वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर देगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा