घर की सीढ़ियों से गिरकर एसएसबी जवान की मौत, गांव में शोक
मीरजापुर, 06 मार्च (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के पसैया डगमगपुर ऊसरहवा गांव में घर की सीढ़ियों से गिरने से एसएसबी के जवान की मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जिससे परिवार व गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव निवासी 38 वर्षीय लखन्दर पुत्र मधू राम चमार अचानक घर की सीढ़ियों से गिर गए। गिरने से उनके सिर व शरीर में गंभीर चोटें आ गईं। आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए चुनार स्थित अस्पताल ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, लखन्दर की नियुक्ति वर्ष 2009 में सशस्त्र सीमा बल में हुई थी। कुछ वर्ष पूर्व उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगे थे। वर्ष 2023 से वह अधिकतर अवकाश लेकर घर पर ही रह रहे थे।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष रामनगीना यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

