जनता दर्शन में फरियादी ने की रिश्वत मांगने की शिकायत, लेखपाल निलंबित
-महिला ने लगाया 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने की जांच
श्रावस्ती, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले का कार्यभार संभालते ही नवागत जिलाधिकारी मनोज कुमार राय के जनता दर्शन में मंगलवार को एक महिला ने हल्का लेखपाल पर कब्जा परिवर्तन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच में लेखपाल के विरुद्ध आरोप सही पाए जाने पर एसडीएम जमुनहा रवि प्रताप सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जमुनहा तहसील क्षेत्र के मोहनपुर भरथा निवासी गंगाजली ने जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने बंटवारे का वाद एसडीएम जमुनहा के न्यायालय में दायर किया था। साक्ष्यों के आधार पर उन्हें कुर्रा संख्या-05 आवंटित किया गया तथा सभी पक्षों के गाटा संख्या भी स्वतंत्र रूप से निर्धारित किए गए थे। इसके बावजूद कब्जा परिवर्तन के लिए कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।
महिला का आरोप था कि हल्का लेखपाल को तीन हजार रुपये देने के बावजूद कब्जा परिवर्तन नहीं किया गया और इसके लिए उनसे 10 हजार रुपये की अतिरिक्त रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीएम जमुनहा को फोन कर मामले की जांच करने और संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम जमुनहा रवि प्रताप सिंह ने मामले की जांच की। जांच में लेखपाल पर अंश संशोधन और नाम संशोधन के आवेदनों को लंबे समय तक लंबित रखने, अविवादित वरासत के मामलों को डिफॉल्टर होने तक निस्तारित नहीं करने, खसरा फीडिंग में देरी करने तथा उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने जैसे आरोप भी सामने आए। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल की निलंबन की कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

