श्रावस्ती : 145 बालिकाओं और 47 प्रशिक्षु इंस्पेक्टरों को हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की दी गई जानकारी
श्रावस्ती, 12 अक्टूबर (हि.स.)। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) भिनगा परिसर में सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हरिहरपुर रानी एवं सिरसिया की बालिकाओं और कस्टम विभाग के प्रशिक्षु इंस्पेक्टरों के लिए हथियार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सीमा सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी का उद्देश्य बालिकाओं एवं प्रशिक्षु इंस्पेक्टरों को सशस्त्र सीमा बल की कार्यप्रणाली, सीमा प्रबंधन और देश की सुरक्षा में बल की भूमिका से परिचित कराना था। इस दौरान जवानों ने विभिन्न हथियारों की विशेषताओं, उनके उपयोग तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं में सुरक्षा बलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया। प्रदर्शनी में बालिकाओं और प्रशिक्षु इंस्पेक्टरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों की कुल 145 बालिकाएं, कस्टम विभाग के 47 प्रशिक्षु इंस्पेक्टर, वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे। 62वीं वाहिनी एसएसबी की ओर से इस प्रकार के कार्यक्रमों के जरिए जन-जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

