home page

स्वरोजगार की राह में बैंक न बनें बाधा, आवेदनों काे त्वरित निस्तारण का निर्देश

 | 
स्वरोजगार की राह में बैंक न बनें बाधा, आवेदनों काे त्वरित निस्तारण का निर्देश


- बैंकों में अटके स्वरोजगार आवेदनों पर मंडलायुक्त सख्त

मीरजापुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार से मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया। बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के अधिकारी व उद्यमी जुड़े।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने तीनों जिलों के लीड बैंक प्रबंधकों को बैंकों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने बैंक आधारित स्वरोजगार योजनाओं के आवेदनों का समय से निस्तारण करने और ऋण आवेदन भरने में उद्यमियों की मदद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी आवेदन को निरस्त करने पर बैंक कारण स्पष्ट करते हुए संबंधित आवेदक और संयुक्त निदेशक उद्योग को इसकी जानकारी दें।

निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में श्रम विभाग के तीन आवेदन निर्धारित समय के बाद भी लंबित मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक श्रमायुक्त सोनभद्र को तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया।

बैठक में सोनभद्र में बीएस रोड-लोहरा नहर से वियर निर्माण इकाई तक सड़क चौड़ीकरण, शास्त्री ब्रिज की लाइट, भरूहना चौकी के पास पार्क के रखरखाव और नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि नए औद्योगिक क्षेत्र के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। मंडलायुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर, सीएम डैशबोर्ड और टटहाई रोड स्थित यूको बैंक से जुड़े मामलों में भी समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह समेत अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा