गेहूं क्रय केंद्र पर पहुंचे विशेष सचिव, किसान ने बताया चार वर्ष बीतने के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
मीरजापुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के छानबे विकास खंड स्थित गेहूं क्रय केंद्र गैपुरा-भटेवरा का गुरुवार को उत्तर प्रदेश वित्त विभाग के विशेष सचिव जय शंकर दूबे ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों से खरीदे गए गेहूं में अधिक धूल मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
विशेष सचिव ने केंद्र पर स्टाक रजिस्टर, उपकरणों तथा गेहूं खरीद व्यवस्था की जानकारी लेकर समीक्षा की। केंद्र प्रभारी शालिनी शर्मा ने बताया कि चार हजार कुंतल खरीद लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3666 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। गुरुवार को तिलई मौआर निवासी किसान धर्मशिला का 40 कुंतल, अकोढ़ी के अशोक सिंह का 22 कुंतल तथा नागेंद्र सिंह का 20 कुंतल गेहूं खरीदा गया।
निरीक्षण के दौरान खम्हरिया दमुआन निवासी किसान अरुण दूबे ने विशेष सचिव को बताया कि वर्ष 2022-23 में उन्होंने इसी केंद्र पर धान की बिक्री की थी, लेकिन चार वर्ष बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हो सका है। विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसान की शिकायत सुनने के बाद विशेष सचिव जय शंकर दूबे ने डिप्टी आरएमओ संजीव सिंह को मामले का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीसीओ द्वारिका नाथ तिवारी, राकेश सरोज, विजय कुशवाहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

