home page

विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने विंध्यधाम में किए दर्शन

 | 
विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने विंध्यधाम में किए दर्शन


विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने विंध्यधाम में किए दर्शन


- नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण की तैयारियों की समीक्षा

मीरजापुर, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग की विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन गुरुवार को विश्वविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम, विंध्याचल पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके उपरांत उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में विशेष सचिव ने प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता, राजस्व अभिलेख, पहुंच मार्ग, आधारभूत सुविधाएं, तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित निर्माण कार्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण की प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाए। साथ ही परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर की स्थिति तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। विशेष सचिव ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया, ताकि जनपद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा