home page

महिला की मौत का मामले में पीड़ित परिवार से मिले राज्यसभा सांसद, थाना पर दिया धरना

 | 
महिला की मौत का मामले में पीड़ित परिवार से मिले राज्यसभा सांसद, थाना पर दिया धरना


फिरोजाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव लभऊआ निवासी महिला की प्रसव के बाद मौत के मामले में मंगलवार को समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन पीड़ित परिवार के घर और फिर थाने पहुंचे। जहां उन्होंने धरना देते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है।

थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव लभऊआ में परचून की दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने रविवार रात गांव के ही गौरव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। सोमवार को उसकी गर्भवती पत्नी अंजली ने प्रसव के बाद बच्चे को जन्म दिया और कुछ समय बाद हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए थाने पहुंचकर विरोध जताया था। एसएसपी ने इस मामले में दो उपनिरीक्षक सहित 6 पुलिसकर्मियों को सोमवार देर रात निलंबित कर दिया था।

इधर मंगलवार को इस मामले में सियासत गरमा गई। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके बाद वह थाना शिकोहाबाद पहुंचे। उन्होंने धरना देते हुए इस घटना की निष्पक्ष जांच करने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन पर कानूनी कार्यवाही की मांग की। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने राज्यसभा सांसद और कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को संभाला।

राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान थाने के बाहर भी समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़