home page

सपा सांसद ने प्रधानमंत्री पर की अमर्यादित टिप्पणी, भाजपाइयों में आक्रोश

 | 
सपा सांसद ने प्रधानमंत्री पर की अमर्यादित टिप्पणी, भाजपाइयों में आक्रोश


सपा सांसद ने प्रधानमंत्री पर की अमर्यादित टिप्पणी, भाजपाइयों में आक्रोश


महोबा, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्मार्ट मीटर और महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया है। इस दौरान हमीरपुर महोबा सीट से सपा के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी कर दी। इस पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

सांसद अजेंद्र सिंह लोधी, सपा के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में स्मार्ट मीटर और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम शिवध्यान पाण्डेय को सौंपा है। इस दौरान सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे सियासी माहौल गरमा गया है।

सांसद ने स्मार्ट मीटर को लेकर कहा कि लाइट हो या न हो मीटर बराबर दौड़ लगा रहे हैं। सैकड़ों स्कूल बंद हो गए हैं। शिक्षक रिटायर हो रहे हैं। नई भर्ती नहीं हो रही है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को घेरते हुए बोले कि कहीं दवा है तो स्टाफ नहीं है और स्टाफ है तो दवा नहीं है। बंगाल चुनाव को लेकर सासंद ने कहा कि बंगाल चुनाव में सारी हदें पार कर दी गईं हैं। एसआईआर में लाखों वोट खत्म कर दिए गए। भय बनाकर काम किया गया है। यह भय बनाने वाली सरकार है। भय से ही देश चला रही है।

भाजपा के जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि वह सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हैं। प्रधानमंत्री किसी एक पार्टी विशेष के नहीं बल्कि सम्पूर्ण देश हैं। सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इस वक्तव्य के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी को लेकर सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बंगाल की हार से सभी सपाई बौखला गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी