home page

मुख्य चुनाव आयुक्त के निलंबन और उनके खिलाफ हो कार्रवाई : डॉ रागिनी सोनकर

 | 
मुख्य चुनाव आयुक्त के निलंबन और उनके खिलाफ हो कार्रवाई : डॉ रागिनी सोनकर


जौनपुर, 26 सितंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग और जयंत चौधरी को मुख्यमंत्री के लिए उपयुक्त बताए जाने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जगह-जगह भाषण देकर जातियों को साधने की कोशिश जनता समझ रही है। नेताओं को पहले वोट के अधिकार और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े सवालों पर मुखर होना चाहिए।

उक्त बातें डॉ रागिनी सोनकर ने शनिवार को हिन्दुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए शनिवार को कही। उन्होंने इस दौरान कहा कि मतदाता सूची और वोट के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष लगातार चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर समेत अन्य नेताओं को इन मुद्दों पर स्पष्ट रुख रखना चाहिए।

सपा विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव की रायबरेली से शुरू हुई पीडीए पदयात्रा के साथ जनता का समर्थन दिखाई दे रहा है। आरक्षण बचाने और गंगा-जमुनी तहजीब की रक्षा के लिए पार्टी मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव का आगाज हो चुका है और पीडीए की लहर जन-जन तक पहुंच चुकी है। लोग अपने हक और अधिकार के लिए खड़े हो रहे हैं।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि सबसे खराब स्थिति इसी मोर्चे पर है। सरकार केवल पर्दा डालने का काम कर रही है। सुरेरी थाने के प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी के फरार होने से स्थिति की गंभीरता समझी जा सकती है। कमजोर वर्ग के लोगों के साथ पुलिस के व्यवहार और भ्रष्टाचार पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

सपा विधायक ने चंदौली में सब्जी विक्रेताओं से कथित दुर्व्यवहार और मछलीशहर में महिला से दुष्कर्म के मामले का उल्लेख करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मुख्य चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांगकांग्रेस के चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए समिति गठित होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के निलंबन और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव