home page

अंतिम संस्कार में जाने से रोके सपा नेता, तीन घंटे सड़क पर चला धरना

 | 
अंतिम संस्कार में जाने से रोके सपा नेता, तीन घंटे सड़क पर चला धरना


बाराबंकी, 11 सितंबर (हि.स.)। उप्र के जनपद गोंडा के साहपुर धनावा निवासी बर्तन व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद शुक्रवार को उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे सपा नेताओं और पुलिस के बीच बाराबंकी जनपद में रामनगर चौराहे पर जमकर तनातनी हुई। कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने सपा के पूर्व एमएलसी एवं पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप, गोंडा सदर के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह, सपा जिलाध्यक्ष गोंडा अरशद खान और जिला उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इससे नाराज नेता सड़क पर बैठ गए और भाजपा सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

पूर्वाह्न करीब 11 बजे से दोपहर दो बजे तक पुलिस और सपा नेताओं के बीच आगे जाने को लेकर खींचतान चलती रही। एक बार सपा नेता पुलिस को दरकिनार कर पैदल आगे बढ़े। क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सामने पुलिस ने उन्हें फिर रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेता दोबारा सड़क पर बैठ गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत और कोतवाल अरुण कुमार सिंह ने गोंडा के उच्चाधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद पुलिस ने सपा नेताओं को बाराबंकी की सीमा से गोंडा की ओर रवाना कराया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान सड़क पर यातायात धीमी गति से चलता रहा और कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर फतेहपुर के क्षेत्राधिकारी जगत राम कनौजिया, रामनगर पुलिस के अलावा बदोसराय और मसौली थाने की पुलिस भी मौके पर तैनात रही।

कई वरिष्ठ नेताओं को स्टेशन मोड़ पर रोका

उधर, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, सदर विधायक धर्मराज यादव, रामनगर विधायक हाजी फरीद महफूज किदवई, सपा जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, प्रदेश सचिव डॉ. विकास यादव, सरताज अहमद, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष बहराइच लक्ष्मी यादव, पूर्व प्रमुख मसौली यासिर अराफात किदवई और हसमत अली गुड्डू समेत कई नेताओं को स्थानीय पुलिस ने स्टेशन मोड़ पर रोक लिया। बाद में उन्हें हिरासत में लेकर डाक बंगले पहुंचाया गया।

सपा नेताओं ने कहा कि विनोद साहनी के हत्यारों को सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने तक पार्टी आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी