सोनिया गांधी की आत्मकथा में काशी से जुड़ा प्रसंग महत्वपूर्ण : राघवेंद्र चौबे
वाराणसी, 12 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा में काशी और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े प्रसंग को लेकर वाराणसी के कांग्रेस नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने पुस्तक में वर्णित इस ऐतिहासिक प्रसंग को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन स्वरूप के संरक्षण के प्रति कांग्रेस की सोच को स्पष्ट करता है।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पुस्तक में संजय गांधी की ओर से काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार की परिकल्पना और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के दृष्टिकोण का उल्लेख बेहद महत्वपूर्ण है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के लिए विकास का अर्थ कभी भी किसी की आस्था, आजीविका और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाना नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, बेहतर सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था की हमेशा पक्षधर रही है, लेकिन विकास के नाम पर काशी की प्राचीन पहचान, धार्मिक विरासत और स्थानीय लोगों की आजीविका को समाप्त करने का समर्थन कभी नहीं किया। विकास की योजनाओं में स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और पुश्तैनी रूप से रह रहे परिवारों के हितों का संरक्षण भी जरूरी है।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के दौरान काशी के अनेक प्राचीन मंदिरों, पुराने भवनों और दुकानों को हटाए जाने तथा शहर के पारंपरिक स्वरूप में व्यापक बदलाव को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है। पार्टी ने प्रभावित लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि काशी महज एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसकी वास्तविक पहचान केवल भव्य निर्माणों से नहीं, बल्कि इसकी प्राचीन गलियों, मंदिरों, देवालयों, स्थानीय व्यापार और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं से है।
चौबे ने यह भी कहा कि काशीवासियों को बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी के कांग्रेसजनों ने लगातार आवाज उठाई। उनके अनुसार, कांग्रेस के प्रयासों के बाद स्थानीय काशीवासियों के लिए गेट नंबर चार से आधार कार्ड दिखाकर दर्शन की व्यवस्था संभव हो सकी।उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा में सामने आया यह प्रसंग विकास और विरासत के बीच संतुलन की आवश्यकता को फिर रेखांकित करता है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि बाबा विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर काशी की आत्मा, प्राचीन मंदिरों, स्थानीय व्यापारियों और सनातन परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी का विकास उसकी पहचान मिटाकर नहीं, बल्कि उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करके होना चाहिए। कांग्रेस इसी विचारधारा के साथ पहले भी खड़ी रही है और आगे भी काशी की अस्मिता, आस्था तथा स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

