home page

सोनभद्र में 290.50 करोड़ रुपये से बिछेगा सड़कों का जाल, जिलाधिकारी ने भेजा प्रस्ताव

 | 
सोनभद्र में 290.50 करोड़ रुपये से बिछेगा सड़कों का जाल, जिलाधिकारी ने भेजा प्रस्ताव


सोनभद्र, 10 अक्टूबर (हि.स.)। औद्योगिक विकास को गति देने और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार सोनभद्र में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर जोर दे रही है। औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत जिले में 13 सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव जिला प्रशासन ने शासन को भेजे हैं। यह प्रस्ताव औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, भारी वाहनों के सुगम आवागमन और स्थानीय लोगों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती भी मिलेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि औद्योगिक जरुरतों और स्थानीय आवागमन को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सड़क निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। किरहुलिया से महुली विहार बॉर्डर तक 12 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 47.76 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं, चेरुई से मारकुंडी जूनियर हाईस्कूल तक 6.4 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 24.32 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। खड़िया से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग तक आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।

औद्योगिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए चुर्क क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण फोरलेन लिंक रोड के निर्माण की योजना है। 4.9 किलोमीटर लंबी चुर्क सीमेंट फैक्ट्री लिंक रोड के लिए 49.95 करोड़ रुपये और 4.84 किलोमीटर लंबी चुर्क-भिलाई बंधी रोड के लिए 49.85 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इन सड़कों के निर्माण से चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। इससे औद्योगिक परिवहन में लगने वाले समय और परिचालन संबंधी परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके अतिरिक्त 31 किलोमीटर लंबे पटवध-बसुहारी मार्ग के निर्माण के लिए 58.88 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। बर्दिया लिंक रोड के लिए 12 करोड़ रुपये, बिल्ली मारकुंडी स्थित तेज स्टोन क्रेशर प्लांट से विजय आईटीआई तक सड़क निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये तथा मीना बाजार घुरमा फीडर से मारकुंडी के कुनियांव टोला तक 7.5 किलोमीटर सड़क के लिए 15.99 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

डाला क्षेत्र में भी सड़क संपर्क बेहतर करने की योजना है। यहां एक किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा बग्गा नाला से डिग्री कॉलेज रोड तक लगभग 3.5 किलोमीटर सड़क के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। नधिरा से बखिरवा तक 10 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए 1.60 करोड़ रुपये और ओबरा में एक अन्य सड़क के निर्माण के लिए 35 लाख रुपये का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी