पति से परेशान पत्नी ने नदी में कूदकर की आत्महत्या
सोनभद्र, 09 मार्च (हि.स.)। शाहगंज थाना क्षेत्र में पति से अनबन के कारण अपने मायके में रह रही एक महिला ने सोमवार की दोपहर में बेलन नदी के पुल से गहरे पानी में कूद कर आत्महत्या कर ली।
शाहगंज थानाध्यक्ष राम सिंहासन शर्मा ने बताया की सोमवार दोपहर में सूचना मिली कि एक महिला उचका गांव स्थित बेलन नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में कुद गयी है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान सीमा पत्नी सूरज 22 वर्ष निवासी केरवा (मराची) के रूप में हुई है। मृत महिला का मायका कर्मा थाना क्षेत्र के रानीतारा गांव में है । वर्तमान समय में महिला अपने पिता राधेश्याम के साथ ही कुछ दिनों से रह रही थी। आज वहीं से आकर बेलन नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। चर्चा के मुताबिक काफी दिनों से सीमा का अपने पति सूरज से किसी बात को लेकर अनबन चल रहा था जिसके चलते काफी दिनों से वे अपने पति के साथ न रह कर पिता के साथ मायके ही रह रही थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

