home page

मुख्य अभियंता ने किया अहरौरा बांध का निरीक्षण, 38 लाख से मेन कैनाल स्लुइस का होगा पुनर्निर्माण

 | 
मुख्य अभियंता ने किया अहरौरा बांध का निरीक्षण, 38 लाख से मेन कैनाल स्लुइस का होगा पुनर्निर्माण


मीरजापुर, 27 जुलाई (हि.स.)। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता (सोन संगठन) वाराणसी सिद्धार्थ कुमार सिंह ने सोमवार शाम अहरौरा बांध का निरीक्षण कर मेन कैनाल के क्षतिग्रस्त स्लुइस का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्लुइस के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग चुनार खंड के अधिशासी अभियंता हरिशंकर प्रसाद ने बताया कि मुख्य अभियंता ने बांध की स्थिति और मेन कैनाल स्लुइस का निरीक्षण कर तकनीकी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त स्लुइस का लगभग 38 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सकेगी।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि वर्तमान में धान की रोपाई का समय और वर्षा ऋतु होने के कारण किसानों की सिंचाई प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पहले क्षतिग्रस्त प्लेट की वेल्डिंग कर अस्थायी रूप से संचालन योग्य बनाया जाएगा। इसके बाद मौसम अनुकूल होने पर स्लुइस का स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ऋतुराज पांडेय, अवर अभियंता ओमप्रकाश राय सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा