home page

मीरजापुर: घर में घुसा कोबरा, सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू

 | 
मीरजापुर: घर में घुसा कोबरा, सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू


मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज क्षेत्र के गलरा गांव में सोमवार की रात एक घर में करीब पांच फीट लंबा इंडियन कोबरा घुस गया। सांप को देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे सर्प मित्र विवेक मिश्र ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

गलरा गांव निवासी उमाशंकर मिश्र की पौत्री अर्चना रात करीब 11 बजे आंगन की ओर गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर छत से सीढ़ियों के रास्ते नीचे आ रहे सांप पर पड़ी। कोबरा को देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाते हुए घर के अंदर चली गईं। परिजनों ने गड़बड़ा धाम निवासी सर्प मित्र विवेक मिश्र को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे विवेक ने सावधानी से सांप का रेस्क्यू किया और उसे बोरी में सुरक्षित रखने के बाद जंगल में छोड़ दिया। कोबरा के पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

सर्प मित्र विवेक मिश्र ने बताया कि पकड़ा गया सांप इंडियन कोबरा था। उन्होंने लोगों से घर में सांप मिलने पर उसे मारने के बजाय प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूकर्ता को सूचना देने की अपील की। उनके अनुसार अब तक वह कई सांपों को रिहायशी इलाकों से सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ चुके हैं।

सर्पदंश में झाड़-फूंक से बचें

विवेक मिश्र ने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को घबराने नहीं देना चाहिए और बिना समय गंवाए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए। झाड़-फूंक, घरेलू उपचार या किसी तरह की दवा पिलाने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से पीड़ित की जान बचाई जा सकती है।

सांप दिखे तो मारें नहीं

उन्होंने अपील की कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। सर्प रेस्क्यू के लिए 9695899109 पर सूचना दी जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा