home page

विंध्यवासिनी धाम के दान पात्र से उठा धुआं, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

 | 
विंध्यवासिनी धाम के दान पात्र से उठा धुआं, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा


मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी मंदिर के परिक्रमा पथ प्रांगण स्थित दान पात्र से बुधवार सुबह अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। हालांकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की तत्परता से आग पर तत्काल काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, विंध्य विकास परिषद द्वारा स्थापित परिक्रमा पथ प्रांगण के 18 नंबर दान पात्र से सुबह करीब 10 बजे धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं निकलते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल अग्निशमन यंत्र (फायर सिलेंडर) का प्रयोग कर आग को बुझा दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार सदर गरिमा यादव राजस्व टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं और दान पेटिका को खुलवाकर उसकी जांच कराई।

अधिकारियों की मौजूदगी में दान पात्र में रखी धनराशि की गणना शुरू कर दी गई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। मंदिर प्रशासन और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना में किसी श्रद्धालु अथवा कर्मचारी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा