home page

जेल में रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, कैदियों में दिखा उत्साह

 | 
जेल में रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, कैदियों में दिखा उत्साह


जेल में रही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम, कैदियों में दिखा उत्साह


फिरोजाबाद, 04 सितंबर (हि.स.)। जिला जेल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। जेल में बंद कैदियों ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया।

जिला कारागार में जेल अधीक्षक अमित चौधरी के निर्देश पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए शुक्रवार को विशेष तैयारियां की गई थीं। कारागार परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। कैदियों ने भी अपनी बैरकों को सजाने में उत्साह दिखाया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर कैदियों में खासा उत्साह रहा। जेल में बंद महिला कैदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चे बाल-गोपाल की पोशाक में नजर आए। कान्हा के रूप में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। बच्चों की मासूमियत से जेल का माहौल भी उत्सव जैसा हो गया। जेल प्रशासन की ओर से कैदियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई। प्रसाद के रूप में चरणामृत और पंजीरी भी तैयार की गई। कैदियों ने श्रद्धा और सौहार्द के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।

जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि जन्माष्टमी को लेकर जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। कैदियों और महिला कैदियों के साथ रह रहे बच्चों को भी त्योहार के दौरान बेहतर माहौल देने का प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़