भ्रामक प्रचार से बचें, गो संरक्षण में कोई कमी नहीं : महेश शुक्ला
मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। विंध्याचल स्थित अष्टभुजा डाक बंगला सभागार में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि गो संरक्षण को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ छद्म प्रचारक भ्रामक सूचनाएं फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर निराश्रित गोवंश की सेवा और संरक्षण में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि जिले में 49 गौ आश्रय स्थल संचालित हैं, जहां 14,575 गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। वहीं सहभागिता योजना के तहत 518 प्रगतिशील गोपालकों ने 1,645 गोवंश को अपनाकर सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि सरकार गो संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में काम कर रही है और गो तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी है। इस दौरान आयोग के सदस्य दीपक गोयल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

