home page

मां शीतला के चरणों में 20 हजार भक्तों ने टेका माथा

 | 
मां शीतला के चरणों में 20 हजार भक्तों ने टेका माथा


मीरजापुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मंगलवार को गड़बड़ा धाम में मां शीतला के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। सुबह से ही सेवटी नदी में स्नान के बाद भक्त पुरुष और महिलाएं अलग-अलग कतारों में लगकर मां के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे।

हाथों में नारियल, चुनरी, हलुआ-पूरी और पुष्पमालाएं लिए मध्य प्रदेश, प्रयागराज, भदोही व सोनभद्र समेत दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। कुमारी कन्याओं ने परंपरा के अनुसार जवारी लेकर मां के दरबार में पहुंचकर सेवटी नदी में विसर्जन किया।

मंदिर परिसर में दिनभर जयकारों की गूंज रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, मेला प्रभारी श्याम लाल पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। वहीं, मंदिर प्रबंधन से प्रकाश चंद, ज्ञान चंद और शुभाष चंद शुक्ल समेत करीब 20 वालंटियर्स व्यवस्था संभालते दिखे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा