home page

मीरजापुर : शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सप्तमी पर कालरात्रि रूप के दर्शन

 | 
मीरजापुर : शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सप्तमी पर कालरात्रि रूप के दर्शन


मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र की सप्तमी तिथि पर बुधवार को अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां के कालरात्रि स्वरूप के दर्शन के लिए भोर से ही लंबी कतारें लग गईं। चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।

मंदिर को गुलाब, गेंदा और अड़हुल के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मां शीतला का मनमोहक श्रृंगार कर विधिवत भोग अर्पित किया गया। दर्शन के लिए मिर्जापुर के साथ वाराणसी, जौनपुर, भदोही, चंदौली और सोनभद्र समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पहले गंगा स्नान किया, इसके बाद नारियल, चुनरी, मालाफूल, लाची दाना, लड्डू व पेड़ा लेकर कतार में खड़े होकर जयकारा लगाते हुए गर्भगृह में पहुंचकर मां के चरणों में मत्था टेका। पुजारियों ने श्रद्धालुओं को विधिवत दर्शन-पूजन कराया।

मंगलवार आधी रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो सुबह तक लगातार बढ़ता गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ मंजरी राव, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, कोतवाल विजय शंकर सिंह व नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने मेला क्षेत्र व गंगा घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा