home page

देवरिया में आंधी बारिश से बचने के लिए तालाब में कूदा भेड़ का झुंड, 75 की डूबने से हुई मौत

 | 
देवरिया में आंधी बारिश से बचने के लिए तालाब में कूदा भेड़ का झुंड, 75 की डूबने से हुई मौत


देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उतर प्रदेश के देवरिया जनपद में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। इस आंधी में हड़हा ताल के किनारे करीब 75 भेड़ों की डूबकर मौत हो गई, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम तिघरा निवासी प्रकाश पाल, सुनील पाल तथा ग्राम बैदा के गंगाधर रोज की तरह बुधवार को करीब 500 भेड़ों को हड़हा ताल के पास चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धूल भरी आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम के अचानक बदलने से भेड़ों में अफरा-तफरी मच गई और कई भेड़ें भागते हुए पास के ताल में गिर गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान होली बलिया और अखिलेश साहनी के नेतृत्व में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महेंद्र, सनी, रवि साहनी और पूनमचंद देवी सहित अन्य लोगों ने जान जोखिम में डालकर ताल में उतरकर बचाव कार्य किया और कई भेड़ों को बाहर निकाला। बावजूद इसके करीब 75 भेड़ों को बचाया नहीं जा सका।

इस हादसे के बाद पशुपालक बेहाल है। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है।

समाजसेवी शब्बीर अहमद ने मामले की जानकारी पर गुरुवार को जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित पशुपालकों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके।

एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि घटना कि जानकारी मिली हैं। राजस्व टीम मौके पर जाकर जानकारी लेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। ---------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक