शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम में भजन, गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां
सांस्कृतिक संध्या में भजन गायक प्रवीण कुमार सिंह ने दरबार में शिवभक्तों को झुमाया
वाराणसी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शक्ति आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर रविवार शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। मां भगवती की आराधना, भक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित इस कार्यक्रम में भजन गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से आध्यात्मिक माहौल धाम में दिखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। सांस्कृतिक संध्या का संचालन उद्घोषिका मीनाक्षी दीक्षित ने किया। सांस्कृतिक संध्या में प्रथम प्रस्तुति भजन गायक प्रवीण कुमार सिंह ने दी। उनके भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से जोड़ने का कार्य किया। द्वितीय प्रस्तुति में भजन गायक शेर सिंह ने अपनी भजन प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाया। इसके पश्चात सोनी सेठ के नृत्य समूह द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरते हुए उपस्थित जनों को भारतीय कला एवं नृत्य परंपरा से परिचित कराया।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या भारतीय सनातन परंपरा, देवी उपासना एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन की भावना को समर्पित रही। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार, नवरात्रि के प्रत्येक दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के साथ भारतीय कला, संगीत एवं आध्यात्मिक संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने तथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

