home page

विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गुजरात रवाना

 | 
विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गुजरात रवाना


वाराणसी, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी के केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में शारदीय नवरात्र महानुष्ठान और श्रीविद्या साधना शिविर सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों को संपन्न कराने के बाद ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती सोमवार को गुजरात के लिए रवाना हो गए। गुजरात प्रवास के दौरान शंकराचार्य तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद उनका छत्तीसगढ़ प्रस्थान का कार्यक्रम है।

शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि गुजरात प्रवास के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती साबरकांठा जिले में ब्राह्मण भोजनालय तथा गांधीनगर में 'सेतु मिशन : द जनरेशन ब्रिज' का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा गुजरात के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग शंकराचार्य की चरण पादुकाओं का पूजन कर उनका अभिनंदन करेंगे।

उन्होंने बताया कि गुजरात प्रवास के दौरान कई स्थानों पर धार्मिक आयोजन भी प्रस्तावित हैं। शंकराचार्य के गुजरात प्रस्थान के समय श्रीविद्यामठ से जुड़ी साध्वी पूर्णांबा दीदी, साध्वी शारदांबा दीदी, ब्रह्मचारी परमात्मानंद, परमेश्वर दत्त शुक्ला, रमेश उपाध्याय, सुनील शुक्ला, सतीश अग्रहरि, विवेक भूषण, अमित तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, तारकेश्वर नाथ और दिनेश मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालु एवं अनुयायी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी