home page

गौ रक्षा और सनातन संदेश लेकर मीरजापुर पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

 | 
गौ रक्षा और सनातन संदेश लेकर मीरजापुर पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद


मीरजापुर, 11 मई (हि.स.)। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय गविष्ट यात्रा सोमवार रात राजगढ़ क्षेत्र के हिनौता गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और सनातन धर्म प्रेमी मौजूद रहे।

सभा को सम्बोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा, गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना और गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना है। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था की प्रतीक हैं, इसलिए उनकी रक्षा करना हर सनातनी का दायित्व है।

उन्होंने बताया कि 3 मई को गोरखपुर से शुरू हुई यह यात्रा प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर 23 जुलाई को गोरखपुर में ही समाप्त होगी। यात्रा बलिया, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र होते हुए नौवें दिन मीरजापुर पहुंची है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ चल रहे आचार्य शुभम आनंद ने बताया कि गौ रक्षा धर्मयुद्ध के तहत निकली यह यात्रा समाज में धार्मिक जागरूकता और गौ संरक्षण का संदेश दे रही है। कार्यक्रम में साध्वी जगदम्बा, गौ प्रवक्ता शुभम मिश्रा, अखिलेश दुबे, शैलेश सिंह, कमलेश पाठक, विनोद गिरी समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा