सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधरोपण, छात्रों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जीडी बिनानी पीजी कॉलेज परिसर में पौधरोपण और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज और वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण किया। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री पूनम चौरसिया मुख्य अतिथि और जिला संयोजक धनंजय मौर्य विशिष्ट अतिथि रहे। पूनम चौरसिया ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है और इसकी जिम्मेदारी सभी की है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण और स्वच्छता जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. राम मोहन अस्थाना ने अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रवक्ता और शैक्षिक कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने परिसर को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

