home page

सेवा संकल्प अभियान में लाभार्थियों को मिला सम्मान, योजनाओं की दी जानकारी

 | 
सेवा संकल्प अभियान में लाभार्थियों को मिला सम्मान, योजनाओं की दी जानकारी


मीरजापुर, 22 सितंबर (हि.स.)। हलिया ब्लाॅक सभागार में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी विभाग की ओर से गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी कराया गया।

विधायक ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इसके बाद स्वास्थ्य, बाल विकास, कृषि समेत विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

विधायक रिंकी कोल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न वर्गों के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव ने किया। बीडीओ विमल प्रकाश पांडेय ने आभार जताया। इस दौरान सीडीपीओ दिलीप कुमार, एडीओ एजी नरेंद्र कानपुरिया, सीएम फेलो गौरव कुमार, ग्राम प्रधान राजेश मौर्य, अरुण मिश्रा, विजेंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा