home page

मीरजापुर : सरदार पटेल की जयंती पर गोष्ठी, एकता-अखंडता का संकल्प

 | 
मीरजापुर : सरदार पटेल की जयंती पर गोष्ठी, एकता-अखंडता का संकल्प


मीरजापुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से बुधवार को बरौधा कचार स्थित पंडित दीनदयाल पुरम कॉलोनी के जिला कार्यालय पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज और विशिष्ट अतिथि मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामकुमार विश्वकर्मा रहे।

गोष्ठी में जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। विशिष्ट अतिथि रामकुमार विश्वकर्मा ने सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह पटेल ने की और संचालन जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर मौर्य ने किया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह, डॉ. सीएल बिंद, पूर्व जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल, महिला मोर्चा की निवर्तमान जिलाध्यक्ष आभा सिंह पटेल, अलंकार जायसवाल, जोशी पटेल, सुभाष जायसवाल, शुभम जायसवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा