home page

विज्ञान प्रदर्शनी एवं संवाद सत्र कार्यक्रम आयोजित, इसरो के बैज्ञानिक हुए शामिल

 | 
विज्ञान प्रदर्शनी एवं संवाद सत्र कार्यक्रम आयोजित, इसरो के बैज्ञानिक हुए शामिल


फिरोजाबाद, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान‘ के अंतर्गत शनिवार को जनपद में युवा शक्ति के उत्थान और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कई प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का पूरा समय जनपद के युवाओं और भावी कर्णधारों को समर्पित रहा।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सबसे पहले विकास भवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और स्वावलंबी बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात वे एफ.एस. विश्वविद्यालय पहुँचे, जहाँ इसरो अहमदाबाद से आए वैज्ञानिकों की उपस्थिति में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी एवं संवाद सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों के साथ सीधा साक्षात्कार करने का अवसर मिला। अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीकों के मॉडलों को देखकर युवाओं में वैज्ञानिकों की तरह ही महान कार्य कर देश की सेवा करने की तीव्र प्रेरणा और संकल्प जागा।

युवाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए हमारे युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टि और तर्कसंगत सोच का होना अत्यंत आवश्यक है। जब भी आप कोई कार्य या अध्ययन करें, तो हमेशा अपने मन में ‘क्यों‘ और ‘कैसे‘ (WHY & HOW) का प्रश्न जरूर करें। युवाओं की यही वैज्ञानिक चेतना और जिज्ञासा हमारे देश की असली ताकत बनेगी।

जिलाधिकारी ने इसरो से आए वैज्ञानिकों राहुल देव, राहुल जैन, अंकित गुप्ता, नेहा मिश्रा, भावेश सोलंकी किरन परमार, बशीर मोहम्मद अंसारी इत्यादि का स्वागत किया और प्रबंधन को जनपद में इस तरह का ऐतिहासिक, वैज्ञानिक आयोजन करने के लिए बधाई दी।

सेवा संकल्प अभियान‘ के तहत शनिवार का दिन युवाओं को केवल शिक्षा या छात्रवृत्ति तक सीमित न रखकर, उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा और वैज्ञानिक सोच से जोड़कर नए रूप में परिभाषित करने वाला सिद्ध हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़