उप्र में भीषण गर्मी से बदला परिषदीय विद्यालयों का समय, अब सुबह 7:30 से अपराह्न 12:30 बजे तक पढ़ाई
लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम के तेवरों से तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने गर्मी को देखते हुए मंगलवार से स्कूलों के समय में बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। सभी मंडलीय सहायक बेसिक शिक्षा निदेशकाें (एडी बेसिक) को भेजे गये निर्देश में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में अब सुबह 7:30 से अपराह्न 12:30 बजे पढ़ाई होगी जबकि विद्यालयों में प्रार्थना सभा, योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होगा। उन्होंने कहा है कि मध्यावकाश सुबह 10 से 10:15 बजे तक होगा। इस समय इन स्कूलों का समय सुबह आठ से अपराह्न दो बजे तक है। मंगलवार से सभी परिषदीय स्कूलों के समय में बदलाव हो गया है। हालांकि वारणसी समेत कई जिलों में बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने भीषण गर्मी के कारण पहले से ही समय बदल दिया है।
बेसिक शिक्षा निदेशक ने आगे कहा है कि परिषदीय शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में सुबह 7:30 से अपराह्न 1:30 बजे तक रहेंगे। इस दौरान वे शैक्षणिक, प्रशासकीय व अन्य कार्यों को पूरा करेंगे। बेसिक शिक्षा निदेशक ने कहा है कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए प्रबंध समिति आवश्यक निर्णय लेने को अधिकृत होगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भीषण गर्मी शुरु हो गयी है और माैसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
मदरसों का भी बदला समय
इसी प्रकार उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से भी आदेश जारी किया गया है कि मंगलवार से मदरसा में बच्चाें की पढ़ाई का समय सुबह सात बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक हाेगा। रजिस्ट्रार अंजना सिराेही की ओर से प्रदेश के सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारियाें काे भेजे गये निर्देश में कहा गया है कि वे भेजे गये आदेश का पालन करायें। उन्हाेंने बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

