home page

एलिक्सर एकेडमी स्कूल पर लटका ताला, बीएसए कार्यालय पहुंचें अभिभावक

 | 
एलिक्सर एकेडमी स्कूल पर लटका ताला, बीएसए कार्यालय पहुंचें अभिभावक


वाराणसी, 09 अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में नटीनियादाई क्षेत्र के एलिक्सर एकेडमी स्कूल पर ताला लगा देखकर स्कूली बच्चों के अभिभावक नाराज हो गए। गुरुवार को

अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से इस संबंध में पूछताछ की तो मालूम हुआ कि नए सत्र में स्कूल खुला ही नहीं है। बीते एक सप्ताह से स्कूल के बाहर ताला लटक रहा है।

स्कूल के बंद होने की सूचना पर वहां पहुंचें अभिभावक राजेश सेठ ने आक्रोश में आकर प्रधानाचार्य से बातचीत की तो उन्हें बताया गया कि प्रधानाचार्य सहित अध्यापकों का तीन माह का वेतन नहीं मिला है। साथ ही स्कूल मालिक, जो कबीरचौरा मोहल्ले में रहते हैं, उनका फोन नहीं उठ रहा है। अध्यापक और कर्मचारी सभी परेशान हैं।

अभिभावक राजेश सेठ ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि उनके घर के बच्चे का प्रवेश आरटीई के माध्यम से वर्ष 2024 में उक्त स्कूल में हुआ था। विद्यालय बंद होने के कारण उनके सामने बड़ी समस्या आ गई है। उनके बच्चे का पुनः प्रवेश दूसरे विद्यालय में कैसे होगा, जबकि टीसी और पैन कार्ड नम्बर भी नहीं मिला है। आरटीई के तहत दूसरा स्कूल भी मिलना कठिन होगा।

इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर वह स्वयं प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। जिससे उनके बच्चे का भविष्य खराब होने से बच जाए। अब अधिकारी से ही उन्हें एक अंतिम उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद