मार्कण्डेय महादेव मंदिर परिसर में श्रावण मास की तैयारियों का जिलाधिकारी ने जायजा लिया
वाराणसी, 19 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को मार्कण्डेय महादेव मंदिर परिसर में श्रावण मास की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं के सकुशल दर्शन पूजन और जलाभिषेक के पुख्ता इंतज़ाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक किया।
मार्कण्डेय महादेव मंदिर का निरीक्षण के दौरान दिखी कमियों का जिक्र करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन के लिए मुख्य मार्गो, रेलवे स्टेशन और मंदिर के आसपास समग्र व्यवस्था और विस्तृत कार्ययोजना तैयार रखी जाए। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा मंदिर क्षेत्र व घाट की साफ़ सफाई व्यवस्था को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में मन्दिर के महंत ने अभी तक की तैयारियों और कमियों के बारे में विस्तृत जानकारी दिया। जिसे भी जिलाधिकारी ने तत्काल दूर कर लेने के आदेश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

