home page

कम वेतन और नौकरी की अनिश्चितता के खिलाफ बिजली संविदाकर्मियों का सत्याग्रह

 | 
कम वेतन और नौकरी की अनिश्चितता के खिलाफ बिजली संविदाकर्मियों का सत्याग्रह


- नौ सूत्रीय मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन, 10 दिसंबर को लखनऊ में करेंगे बड़ी रैली

मीरजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बिजली विभाग में वर्षों से काम करने के बावजूद नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज संविदाकर्मियों ने बुधवार को फतहां स्थित विद्युत वितरण मंडल कार्यालय पर सत्याग्रह किया। विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठाई और अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष श्यामनरायन यादव ने कहा कि संविदाकर्मी बिजली व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें कम वेतन और नौकरी की अनिश्चितता के बीच काम करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि और सीधे विभाग से भुगतान जैसी घोषणाओं के बावजूद ऊर्जा निगमों में कार्यरत संविदाकर्मियों को लाभ नहीं मिल रहा है। ठेकेदारी व्यवस्था के कारण कर्मचारियों का शोषण जारी है।

संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो 10 दिसंबर को लखनऊ में विशाल रैली निकालकर आवाज बुलंद की जाएगी।

22 हजार न्यूनतम वेतन और 20 लाख बीमा की मांग

कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन 22 हजार रुपये और एसएसओ व लाइनमैन का वेतन 25 हजार रुपये करने की मांग की। साथ ही 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु तय करने, 55 वर्ष की उम्र में हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त करने और टीजी-02 व श्रमिकों के रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर संविदाकर्मियों का समायोजन करने की मांग उठाई।

दुर्घटना पर इलाज और परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिले

ज्ञापन में दुर्घटना होने पर कर्मचारी का इलाज विभागीय खर्च पर कराने तथा मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 20 लाख रुपये का बीमा देने की मांग की गई। इसके अलावा मार्च 2023 की तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान हटाए गए कर्मचारियों की बहाली, पिछले पांच वर्षों में छंटनी किए गए कर्मियों को दोबारा काम देने और ड्यूटी के बाद आकस्मिक काम के लिए बुलाए जाने पर फेस अटेंडेंस से छूट देने की मांग भी शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा