संस्कृति विश्वविद्यालय में ‘लीडरशिप एवं बिजनेस कॉन्क्लेव 2.0’ का आयोजन, दिग्गजों ने दिए सफलता के मंत्र
रोजगार पाने वाले नहीं, देने वाले बनें : प्रो. टीजी सीतारमण
इंसानियत और मूल्यों पर जोर : डॉ. सचिन गुप्ता
मथुरा, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा की संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित ‘लीडरशिप एवं बिजनेस कॉन्क्लेव 2.0’ में ज्ञान, नवाचार और उद्यमिता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों ने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों से निपटने, कौशल विकास और नैतिक मूल्यों के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई ने दीप प्रज्वलित कर कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। एआई डेटा एनालिसिस और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में लचीलापन और दूरदर्शिता ही सबसे बड़े गुण हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे निरंतर सीखने की मानसिकता विकसित करें और ईमानदारी को अपनी सफलता का आधार बनाएं।
एआईसीटीई के पूर्व चेयरमैन प्रो. टीजी सीतारमण ने ‘अमृत काल’ का जिक्र करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना हमारे युवाओं के हाथ में है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि उद्यमी बनकर रोजगार देने वाला बनना चाहिए।
इसी प्रकार से दिग्गजों ने अपने अनुभव साझा करने की श्रृंखला में अर्णब गोस्वामी (रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क) ने कहा कि जीवन में अनुशासन और दृढ़ता ही आपको एक श्लीडरश् बनाती है। कभी भी जीवन में बोरियत को जगह न दें और अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहें। रमेश अग्रवाल (मूवर्स एंड पैकर्स) ने व्यापार में झूठ न बोलने और नैतिक मूल्यों से समझौता न करने की सलाह दी। डॉ. तनु जैन (तथास्तु) ने छात्रों को सोशल मीडिया के भटकाव से दूर रहकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। इसी प्रकार से अभिनेता अभिषेक सिंह ने छात्रों से कहा कि वे अपने ‘आइडिया’ से प्रेम करें और अपना लक्ष्य स्वयं चुनें।
संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सचिन गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सफल होने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान बनना सबसे जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता के संघर्षों को याद रखने और सफल लोगों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपनी मानसिकता बदलने का आह्वान किया।
कॉन्क्लेव में उत्तर प्रदेश सरकार के एसीएस मुकेश मेश्राम, अजय शर्मा (सिंगापुर), ब्रजेश पोद्दार (सीईओ, कौशल विकास मंत्रालय), नीलोफर (शहनाज हुसैन हर्बल), और शांतनु बनर्जी सहित कई कॉर्पाेरेट लीडर्स ने एआई, स्किलिंग और टीम वर्क पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति राजेश गुप्ता, सीईओ डॉ. मीनाक्षी शर्मा, कुलपति प्रो. एमबी चेट्टी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर शुभांगी सक्सेना ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कुलपति प्रो. चेट्टी द्वारा दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

