गोरखपुर में सपा नेता राम नगीना से मारपीट की घटना निंदनीय, अखिलेश यादव करें कार्रवाई : संजय निषाद
गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ कथित मारपीट और थप्पड़ मारने की घटना को निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. समाज निषाद ने निंदनीय बताया है। उन्होंने सपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता अंशुमान सिंह के पुत्र कमलेश सिंह और उनके समर्थकों ने कुर्सी पर बैठने को लेकर राम नगीना साहनी के साथ मारपीट की।
संजय निषाद ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि राम नगीना साहनी ने उस दौर में गोरखपुर में सपा का झंडा और डंडा उठाया, जब पार्टी के साथ खड़े होने वाले लोगों की संख्या बेहद कम थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय निषाद समाज के लोगों ने सपा का झंडा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
निषाद पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि किसी वरिष्ठ एवं पुराने पार्टी कार्यकर्ता के साथ इस तरह की घटना बेहद निंदनीय और अफसोसजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पार्टी में कुर्सी पर बैठने का अधिकार केवल प्रभावशाली लोगों को ही है।
उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को कार्रवाई के लिए समय देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व संबंधित नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए और घटना की सार्वजनिक रूप से भर्त्सना करे। ऐसा न होने पर उन्होंने साेमवार काे सपा कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी।
संजय निषाद ने बयान में अपने समाज के नेताओं को भी चेताया। उन्होंने कहा कि बीते दिनों भाजपा के साथ निषाद पार्टी में जाने को लेकर जो नेता कैंडल मार्च और विरोध कर रहे थे, उन्हें इस घटना से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि भाजपा के किसी नेता ने निषाद समाज के व्यक्ति को थप्पड़ नहीं मारा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

