तहसीलों में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
मीरजापुर, 07 मार्च (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। लालगंज तहसील में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 79 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने पर यदि समाधान संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देश दिया कि जो शिकायतकर्ता एक ही समस्या को लेकर बार-बार तहसील आ रहे हैं, उनसे व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में मौके पर जांच कर न्यायपूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम सभा की भूमि और चकरोड पर किए गए अतिक्रमण को फसल कटने के बाद हटाने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए हर घर नल से जल योजना के तहत शत-प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए जल निगम को निर्देशित किया गया। वहीं विद्युत विभाग को गलत बिलों के सुधार और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की सूची तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। सदर तहसील में 81 में से 12, मड़िहान में 39 में से 5 तथा चुनार तहसील में 66 में से एक प्रार्थना पत्र का मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

