सामौर बाबा महोत्सव हमारी आस्था, साहित्य और संस्कृति का उत्सव : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को कहा कि 'सामौर बाबा महोत्सव क्षेत्र की आस्था, संस्कृति, साहित्य और परम्परा को एक साथ जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सांस्कृतिक और साहित्यिक वातावरण को मजबूत करते हैं। युवाओं को भारतीय परम्पराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।'
पर्यटन मंत्री ने बताया कि सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव में रविवार को भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 'सामौर बाबा महोत्सव हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन जैसे आयोजन साहित्यकारों और श्रोताओं को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और युवाओं को साहित्य से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रतीक है।'
- मंच पर गूंजेगा हास्य और वीर रस
कवि सम्मेलन में पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील जोगी अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। वहीं, वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ओजपूर्ण काव्य पाठ कर देशभक्ति का जोश भरेंगे। इसके अलावा गौरव चौहान, पद्मिनी शर्मा, योगिता चौहान, हेमंत पांडे और मुकेश मणिकांचन सहित कई ख्याति प्राप्त कवि अपनी काव्य प्रस्तुतियां देंगे।
- कवि सम्मेलन को लेकर उत्साह
कवि सम्मेलन को लेकर क्षेत्र के साहित्य प्रेमियों और आगंतुकों में खासा उत्साह है। सामौर बाबा धाम परिसर को कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की सम्भावना है। आयोजकों के अनुसार यह कवि सम्मेलन महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

