विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव भी विकसित होंगे : असीम अरुण
फिरोजाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सामौर बाबा महोत्सव में आयोजित कवि सम्मेलन में देशभक्ति, राष्ट्रवाद, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य से सजी रचनाओं ने रविवार देर रात तक श्रोताओं को बांधे रखा। मंच से कभी देशभक्ति का जोश गूंजा तो कभी हास्य की फुहारों से पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा।
सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित सामौर बाबा धाम पर आयोजित सात दिवसीय महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण शामिल हुए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि सिरसागंज से निकल रही यह तस्वीर उसी विकसित गांव की झलक दिखा रही है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन रही है। उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने समौर बाबा की इस पावन धरती को नई पहचान दी है और गांव को सिंगापुर जैसा विकसित करने का कार्य किया है। यहां नाव, कैंटीन, आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण के जरिए पूरे परिसर को अद्भुत रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाते हैं और युवाओं को भारतीय परंपरा व साहित्य से जोड़ने का कार्य करते हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साेमवार काे बताया कि सामौर बाबा धाम की आस्था और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और क्षेत्र के विकास को भी नई पहचान देते हैं।
- मंच पर गूंजे हास्य और वीर रस
कवि सम्मेलन में पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध हास्य कवि सुनील जोगी ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। पद्मिनी शर्मा ने मां सरस्वती के मधुर भजन से समां बांध दिया। वहीं वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ से राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।
वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपनी ओजपूर्ण कविता सुनाते हुए कहा- “युगों की तपस्या के बाद आज राम हमारे घर पधारे हैं। युगों-युगों बाद केवट फिर उनके चरण पखार रहा है, समय एक बार फिर उनका दूत बनकर खड़ा है और बाबर भी कब्र से निकलकर जय श्रीराम पुकार रहा है।”
कार्यक्रम में कई ख्याति प्राप्त कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कवियों ने काव्य पाठ के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह द्वारा सामौर बाबा धाम के विकास और महोत्सव के भव्य आयोजन की सराहना भी की। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिलती है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

