home page

बहू की जिंदगी बचाने के लिए ससुर देंगे किडनी, सामाजिक संस्था ने की मदद

 | 
बहू की जिंदगी बचाने के लिए ससुर देंगे किडनी, सामाजिक संस्था ने की मदद


फिरोजाबाद, 06 सितंबर (हि.स.)। बहू की जिंदगी बचाने के लिए ससुर ने अपनी किडनी देने का फैसला किया है। किडनी प्रत्यारोपण के लिए बड़ी धनराशि की जरूरत होने के कारण परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। जिसके लिए सामाजिक संस्था ने आगे बढ़कर हाथ बढ़ाया है।

टूंडला क्षेत्र के गांव नगला बन्ना निवासी सरिता (28) किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उनकी दोनों किडनी खराब हो गई है। चिकित्सक ने सरिता के उपचार के लिए किडनी प्रत्यारोपण की सलाह दी है। महिला के ससुर उमेश कुमार किडनी देने के लिए तैयार हैं, लेकिन प्रत्यारोपण में आने वाले आठ लाख रूपये के खर्च को जुटाना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है।

इधर जैसे ही मामले की जानकारी जायंट्स ग्रुप आफ फिरोज़ाबाद महिला शक्ति प्रोजेक्ट की समन्वयक अनु बंसल के माध्यम से महिला शक्ति के पदाधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद संस्था ने महिला के उपचार में सहयोग का निर्णय लिया। संस्था अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, दीपाली बंसल सहित पदाधिकारियों और सदस्यों ने एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर कल्पना राजौरिया ने बताया कि महिला के उपचार के लिए बड़ी धनराशि की जरूरत है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संस्था की ओर से एक लाख रुपये की सहायता दी गई है। जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़