home page

उपस्थिति विवाद में फंसा सिंचाई विभाग, पांच जूनियर इंजीनियरों का जुलाई का वेतन रुका

 | 
उपस्थिति विवाद में फंसा सिंचाई विभाग, पांच जूनियर इंजीनियरों का जुलाई का वेतन रुका


- एसडीओ बोले— प्रमाणित उपस्थिति नहीं मिली, जेई ने बताया नया नियम

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। सिंचाई विभाग में उपस्थिति को लेकर विवाद गहरा गया है। अहरौरा बांध सहित विभिन्न नहरों पर तैनात पांच जूनियर इंजीनियरों का जुलाई माह का वेतन उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सिंचाई ऋतुराज पांडेय ने प्रमाणित उपस्थिति उपलब्ध न कराने के कारण रोक दिया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में खींचतान तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार जिन जूनियर इंजीनियरों का वेतन रोका गया है, उनमें ओमप्रकाश राय, आनंद कुमार, सर्वजीत कुमार, अश्वनी यादव और मनोज कुमार सिंह शामिल हैं। एसडीओ का कहना है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा स्व-प्रमाणित अथवा निर्धारित प्रारूप में उपस्थिति उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे उनकी उपस्थिति प्रमाणित नहीं हो पा रही है। इसी वजह से जुलाई माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।

वहीं जूनियर इंजीनियर ओमप्रकाश राय का कहना है कि वह पिछले छह वर्षों से अहरौरा बांध डिवीजन में कार्यरत हैं और इससे पहले कभी इस प्रकार की उपस्थिति नहीं मांगी गई। उनका आरोप है कि वर्तमान एसडीओ द्वारा नया नियम लागू किया जा रहा है।

इस संबंध में उपखंड अधिकारी सिंचाई ऋतुराज पांडेय ने बताया कि सभी संबंधित जूनियर इंजीनियरों का वेतन प्रमाणित उपस्थिति उपलब्ध न कराने के कारण रोका गया है। उपस्थिति संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा